
शेखपुरा: पांच दशक बाद पूर्व सांसद राजो सिंह का परिवार मुख्यधारा की चुनावी राजनीति से बाहर, सुदर्शन हुए बेटिकट

शेखपुरा: पांच दशक बाद पूर्व सांसद राजो सिंह का परिवार चुनावी राजनीति से बाहर, बरबीघा जदयू विधायक सुदर्शन हुए बेटिकट
शेखपुरा।
जिले की राजनीति में एक बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। करीब पांच दशक बाद पहली बार पूर्व सांसद स्वर्गीय राजो सिंह का परिवार चुनावी राजनीति की मुख्यधारा से बाहर हो गया है। जदयू ने इस बार बरबीघा विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक सुदर्शन कुमार का टिकट काटते हुए नालंदा के पुष्पांजय कुमार को उम्मीदवार बनाया है।
पुष्पांजय कुमार नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के चेरे गांव के निवासी हैं। वे अस्थावां से कई बार विधायक रह चुके, पटना के आरपीएस स्कूल समेत कई शैक्षणिक संस्थानों के संस्थापक, आर.पी. शर्मा के पुत्र हैं।
जदयू द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के बाद सुदर्शन कुमार के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने की चर्चा तेज है। पार्टी के इस निर्णय के बाद जिले में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
राजो सिंह ने 1972 में बरबीघा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद 1977 से 1998 तक उन्होंने शेखपुरा से कांग्रेस के विधायक के रूप में अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाए रखी। 1984 में कांग्रेस द्वारा टिकट नहीं मिलने पर भी उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी।

उनके बाद पुत्र संजय कुमार 2005 तक विधायक रहे। फिर पुत्रवधू सुनीला देवी ने 2005 से 2010 तक शेखपुरा विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया, जिन्हें जदयू के रणधीर कुमार सोनी ने पराजित किया था।
राजो सिंह के पौत्र सुदर्शन कुमार ने 2010 में लोजपा के टिकट पर बरबीघा से चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2015 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की और 2020 में जदयू में शामिल होकर दोबारा विधायक बने। मगर इस बार पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया।
जदयू के नेताओं की माने तो उनका कहना है कि सुदर्शन का टिकट कटना पिछले वर्ष अविश्वास प्रस्ताव के दौरान पाला बदलने की संभावित साजिश की जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को होना बताया जाता है। हालांकि इस संबंध में सुदर्शन कुमार की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।




Tags
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!