कार–ट्रक की टक्कर में डॉक्टर दंपति की मौत, बच गया पालतू कुत्ता
कार–ट्रक की टक्कर में डॉक्टर दंपति की मौत, बच गया पालतू कुत्ता
हाजीपुर।
हाजीपुर–मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर सराय थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के समीप शनिवार की अल सुबह भीषण सड़क हादसे में डॉक्टर दंपति की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कार में मौजूद पालतू कुत्ता बाल-बाल बच गया। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुजफ्फरपुर की ओर से आ रही कार की पूर्वी लेन में एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने डॉक्टर दंपति को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के गंगटी निवासी स्वर्गीय ब्रह्मदेव रावत के 60 वर्षीय पुत्र डॉ. जितेंद्र प्रसाद और उनकी 52 वर्षीय पत्नी ज्योत्सना प्रसाद के रूप में हुई है। डॉ. जितेंद्र प्रसाद अररिया सदर अस्पताल में करीब 15 वर्षों से कार्यरत थे। घायल चालक संजय कुमार सुधांशु, अररिया जिले का निवासी बताया गया है, जिसका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि डॉक्टर दंपति शुक्रवार रात करीब आठ बजे अररिया से पटना के लिए निकले थे। वे अपनी सास को मेदांता अस्पताल, पटना में देखने जा रहे थे। इसी दौरान सराय थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास यह हादसा हो गया।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर थाना लाया गया है। डॉ. जितेंद्र प्रसाद के दो पुत्र हैं। सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम से संबंधित कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!