सावधान: कचरे में आग लगा कर फैलाया जा रहा कैंसर पैदा करने वाला जहर
सावधान: कचरे में आग लगा कर फैलाया जा रहा कैंसर पैदा करने वाला जहर
शेखपुरा
नगर क्षेत्र से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे को महादेव नगर सहित विभिन्न डंपिंग यार्डों में जमा किया जाता है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इन डंपिंग स्थलों पर सफाई कर्मी द्वारा ही कचरे में आग लगा दी जाती है। इससे उठने वाला धुआं आसपास के इलाकों में फैलकर लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहा है।

जानकारों के अनुसार कचरा, विशेषकर प्लास्टिक जलने पर डायॉक्सिन, फ्यूरान, कार्बन मोनोऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी जहरीली गैसें निकलती हैं। ये गैसें सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर दमा, खांसी, आंखों में जलन, फेफड़ों की बीमारी और लंबे समय में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर इसका प्रभाव अधिक पड़ता है।
पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी यह स्थिति चिंताजनक है। कचरा जलाने से वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ता है, साथ ही मिट्टी और भूजल भी प्रभावित होते हैं। लगातार धुआं निकलने से क्षेत्र की वायु गुणवत्ता खराब हो रही है।

गौरतलब है कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के तहत खुले में कचरा जलाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसके बावजूद यदि डंपिंग यार्ड में कचरा जलाया जा रहा है, तो यह नियमों का सीधा उल्लंघन है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस पर तत्काल रोक लगाने और दोषी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सुबह-शाम उठने वाले धुएं के कारण घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
इस संबंध में प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो यह समस्या आने वाले दिनों में गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!