नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का आगाज, बाजार में महंगा हुआ कद्दू
नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का आगाज, बाजार में महंगा हुआ कद्दू
कटरा मंडी में 200 रुपये किलो तक पहुंची कीमत, नया आलू 80 और ओल 100 रुपये किलो बिका
शेखपुरा
लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के पारंपरिक अनुष्ठान के साथ हो गई। सुबह से ही जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में छठ की आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई के बाद स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत की। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और शुभचिंतकों के बीच भी प्रसाद वितरित किया गया।

नहाय-खाय के प्रसाद में चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी मुख्य रूप से बनाई गई। परंपरा के अनुसार कई घरों में नया आलू, ओल, लाल साग और विभिन्न प्रकार के पकवान भी तैयार किए गए। घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। बाजारों में भी छठ की खरीदारी को लेकर सुबह से चहल-पहल बनी रही।
सब्जियों की कीमत ने बढ़ाई परेशानी
छठ के पहले दिन कद्दू-भात के अनुष्ठान को लेकर सब्जियों की मांग बढ़ने के साथ कीमतों में भी उछाल देखने को मिला। शेखपुरा की कटरा सब्जी मंडी में कद्दू की कीमत 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। वहीं नया आलू 80 रुपये और ओल 100 रुपये प्रति किलो बिका। पर्व के मौके पर कद्दू की इतनी ऊंची कीमत सुनकर खरीदारों ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि त्योहार के समय कुछ दुकानदार मांग बढ़ने का फायदा उठाकर सब्जियों के दाम बढ़ा देते हैं। हालांकि, सब्जी विक्रेताओं ने महंगाई के लिए थोक मंडी में बढ़ी कीमतों को जिम्मेदार बताया। उनका कहना था कि ऊपर से ही सब्जियां महंगी मिल रही हैं, इसलिए खुदरा कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।
आज खरना, फिर 36 घंटे का निर्जला व्रत
चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रती पारण करेंगे। इसके साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!