
वज्रपात की चपेट में आने से पशुपालक किसान की मौत, एक गाय भी झुलसी

वज्रपात की चपेट में आने से पशुपालक किसान की मौत, एक गाय भी झुलसी
शेखपुरा।
बुधवार को जिले के कुसुम्भा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर गांव के बधार में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक पशुपालक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 35 वर्षीय अधिक यादव के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार अधिक यादव रोज की तरह बुधवार को गांव के दक्षिण दिशा में स्थित बधार में अपनी गायों को चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अधिक यादव बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही अचेत हो गए। साथ ही एक गाय की भी मौके पर मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल उन्हें उठाकर शेखपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आपदा राहत कोष से मुआवजे की मांग की है। वहीं, स्थानीय प्रशासन की ओर से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
--
वज्रपात से बचने के लिए जरूरी सावधानियाँ
1. मौसम की जानकारी पहले से लें। अगर मौसम विभाग ने वज्रपात की चेतावनी दी है तो खुले में जाने से बचें।

2. वज्रपात के समय खुले मैदान, खेत, ऊँचे स्थान या अकेले पेड़ के नीचे खड़े न हों। ये स्थान सबसे ज्यादा खतरे में होते हैं।
3. किसी सुरक्षित पक्की इमारत में शरण लें। झोपड़ी, टीन का छप्पर या पेड़ के नीचे रुकना खतरनाक हो सकता है।
4. धातु की चीजें जैसे मोबाइल फोन, हेडफोन, लोहे की छड़ी, छाता, जेवरात आदि का इस्तेमाल न करें।
5. अगर आप खुले में हैं और कहीं छुपने की जगह नहीं है तो जमीन पर सीधे लेटने की बजाय घुटनों के बल बैठ जाएं, सिर नीचे झुकाकर हाथ से कान ढक लें।
6. बिजली की चमक और गरज सुनाई दे रही हो तो पानी से बाहर आ जाएं। नदी, तालाब, या पोखर में रहना बेहद खतरनाक होता है।
7. वज्रपात के दौरान समूह में न खड़े हों। सभी लोग एक-दूसरे से दूरी बनाए रखें।
8. बिजली गिरने से अगर कोई झुलस जाए या बेहोश हो जाए तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं।




Tags
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!