
₹20 की ताड़ी, ₹5500 का जुर्माना — शेखपुरा में 6 लोग गिरफ्तार

₹20 की ताड़ी, ₹5500 का जुर्माना — शेखपुरा में 6 लोग गिरफ्तार
शेखपुरा (बिहार):
बिहार में शराबबंदी के बाद अब पारंपरिक पेय ताड़ी भी कानून के घेरे में है। जिले के चेवाड़ा प्रखंड अंतर्गत लोहान गांव में उत्पाद विभाग ने ताड़ी पी रहे 6 लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान सभी आरोपित नशे की हालत में पाए गए और ब्रेथ एनालाइजर जांच में पुष्टि होने के बाद उन पर कार्रवाई की गई।
उत्पाद विभाग ने इन सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां प्रत्येक को ₹5500 का जुर्माना भरने के बाद रिहा किया गया। इनमें से एक व्यक्ति, रविन्द्र महतो ने बताया कि उसने सिर्फ ₹20 की ताड़ी पी थी, लेकिन अब उसे भारी कीमत चुकानी पड़ी।
प्रभारी उत्पाद अधीक्षक प्रकाश कुमार ने स्पष्ट किया कि ताज़ा ताड़ी में आमतौर पर नशा नहीं होता, लेकिन यदि इसे लंबे समय तक रखा जाए, विशेषकर धूप में, तो इसमें अल्कोहल बनने लगता है। उन्होंने बताया कि ब्रेथ एनालाइजर यह नहीं बता सकता कि व्यक्ति ने शराब पी है या ताड़ी, पर यदि नशा प्रमाणित हो जाए तो कानूनी कार्रवाई की जाती है।

बिहार में शराबबंदी कानून काफी सख्त है और इस ताज़ा कार्रवाई से ताड़ी पीने वालों में भी खलबली मच गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अब ताड़ी पर भी कानूनी नजर कड़ी हो गई है।




Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!