अस्मिता खेलो इंडिया महिला साइकिल रेस लीग: निशु, श्रावणी और प्रिया रहीं विजेता
अस्मिता खेलो इंडिया महिला साइकिल रेस लीग: निशु, श्रावणी और प्रिया रहीं विजेता
बरबीघा
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर चल रहे अभियान के तहत रविवार को अस्मिता खेलो इंडिया अभियान में शेखपुरा जिला साइकिलिंग संघ द्वारा जिला स्तरीय महिला साइकिल रेस लीग का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन बरबीघा के श्रीकृष्ण सिंह चौक से गंगटी मोड़ तक तथा पुनः श्रीकृष्ण सिंह चौक तक किया गया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सब जूनियर वर्ग में प्रिया कुमारी प्रथम, मोनी कुमारी द्वितीय तथा सोनल कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

जूनियर वर्ग में श्रावणी कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि मुस्कान कुमारी दूसरे और प्रियंका कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग में निशु कुमारी विजेता बनीं, जबकि रिमझिम कुमारी द्वितीय एवं खुशबू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
शेखपुरा जिला साइकिलिंग संघ के उपाध्यक्ष राजशेखर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं में खेल भावना का विकास करना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश प्रभारी शशि शेखर, सोशल मीडिया प्रभारी रविकांत गुप्ता, पूर्व मुखिया महेश, प्रशिक्षक शशी कुमार, संजय कुमार, बिहार साइकिलिंग संघ के सदस्य आशीष कुमार, रंजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक संकेत है। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। शेखपुरा जिला साइकिलिंग संघ के सचिव विनोद कुमार सिंह ने बताया कि भविष्य में भी जिले में महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!