संघर्ष और सतत प्रयास से मिली सफलता, किसान के पुत्र बने आपूर्ति पदाधिकारी
संघर्ष और सतत प्रयास से मिली सफलता, किसान के पुत्र बने आपूर्ति पदाधिकारी
शेखपुरा :
जिले के शेखोपुरसराय प्रखंड के महानंदपुर गांव के किसान परिवार से आने वाले नीतीश कुमार ने कठिन संघर्ष और लगातार मेहनत के बल पर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर आपूर्ति पदाधिकारी (सप्लाई इंस्पेक्टर) के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
नीतीश कुमार को इस परीक्षा में 1266वीं रैंक प्राप्त हुई है। वे महानंदपुर गांव, पोस्ट पन्हेशा, थाना शेखूपुरसराय, जिला शेखपुरा के निवासी हैं। उनके पिता सतीश कुमार छोटे किसान हैं, जबकि माता अनीता देवी गृहिणी हैं।
नीतीश ने वर्ष 2010 में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से नालंदा कॉलेजिएट, बिहारशरीफ से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2012 में अल्लामा इकबाल कॉलेज, बिहारशरीफ से इंटर तथा वर्ष 2015 में मगध विश्वविद्यालय से संबद्ध अल्लामा इकबाल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पटना में रहकर पूरी तरह सेल्फ स्टडी के माध्यम से की। आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। चार भाई-बहनों में सबसे बड़े होने के कारण परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पढ़ाई जारी रखी और अंततः सफलता हासिल की।
नीतीश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने कठिन परिस्थितियों में भी उन्हें पढ़ाने-लिखाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उनके त्याग, संघर्ष और प्रेरणा की बदौलत ही वे इस मुकाम तक पहुंच सके।
नीतीश की सफलता पर गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!