शेखपुरा: डीएम-एसपी ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
शेखपुरा: डीएम-एसपी ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
शेखपुरा :
छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य पर रविवार को जिले के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। रतोइया, अरघौती, पुल पोखर, बरबीघा के मालती पोखर और अरियरी के कोरियारी नदी घाट सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा।

संध्या अर्घ्य के दौरान जिलाधिकारी शेखर आनंद और पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने अरघौती एवं पुल पोखर छठ घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान डीडीसी राकेश कुमार, एडीएम धर्मेंद्र कुमार, एसडीओ प्रियंका कुमारी और एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
छठ घाटों पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई थी। प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और अग्निशमन दल की तैनाती की गई। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। भारी वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
डीएम शेखर आनंद ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, संयम और समर्पण का पर्व है। इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों सूर्य को समान श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है।
सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा। इसके बाद व्रती पारण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन करेंगे।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!