फॉर्च्यूनर गाड़ी से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 48 कार्टन विदेशी शराब बरामद
फॉर्च्यूनर गाड़ी से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 48 कार्टन विदेशी शराब बरामद
एकसारी रेलवे क्रॉसिंग से 200 मीटर दूर लावारिस हालत में खड़ी थी गाड़ी, यूपी नंबर की फॉर्च्यूनर जब्त
शेखपुरा।
शेखपुरा उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एकसारी रेलवे क्रॉसिंग के समीप लावारिस हालत में खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। तलाशी के दौरान गाड़ी से 48 कार्टन विदेशी शराब मिली, जिसकी कुल मात्रा 414.720 लीटर बताई गई है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक अविनाश प्रकाश ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम को एकसारी रेलवे गुमटी से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक फॉर्च्यूनर गाड़ी लावारिस अवस्था में खड़ी दिखाई दी। गाड़ी की स्थिति संदिग्ध लगने पर टीम ने उसकी छानबीन शुरू की। जांच के दौरान वाहन के अंदर शराब के कार्टन दिखाई दिए। इसके बाद विधिवत तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब रखी मिली।
गिनती करने पर कुल 48 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। इन कार्टन में रखी शराब की कुल मात्रा 414.720 लीटर आंकी गई है। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम शराब और वाहन को जब्त कर उत्पाद थाना ले आई।
वाहन मालिक की भूमिका की जांच
उत्पाद थानाध्यक्ष अमित आनंद ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब्त फॉर्च्यूनर गाड़ी उत्तर प्रदेश के निबंधन नंबर से पंजीकृत है। वाहन का मालिक अमित कुमार बताया जा रहा है। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम वाहन मालिक तथा शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जांच का मुख्य बिंदु यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब किसके लिए और कहां से लाई जा रही थी तथा रेलवे क्रॉसिंग के समीप गाड़ी को लावारिस हालत में छोड़ने के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल उत्पाद विभाग पूरे मामले की छानबीन में जुटा है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!