ईंट-भट्ठों पर गूंज रही पढ़ाई की आवाज, मजदूरों के बच्चों को संवारने पहुंचे डीएम
ईंट-भट्ठों पर गूंज रही पढ़ाई की आवाज, मजदूरों के बच्चों को संवारने पहुंचे डीएम
अक्षर लर्निंग सेंटर में बच्चों से किया संवाद, पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा
शेखपुरा
ईंट-भट्ठों पर जहां मजदूर दिनभर पसीना बहाकर परिवार का पेट पालते हैं, वहीं उनके बच्चों के हाथों में अब ईंट-मिट्टी के बजाय किताबें और कलम नजर आ रही हैं। इन बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। इसी के तहत ईंट-भट्ठों पर अक्षर लर्निंग सेंटर चलाए जा रहे हैं। गुरुवार को जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने एक ऐसे ही पाठशाला का निरीक्षण कर बच्चों की पढ़ाई का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों से सीधे बातचीत की और उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम तथा शिक्षकों के पढ़ाने के तरीके के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि बच्चों को पढ़ाई में क्या अच्छा लगता है और किन विषयों में परेशानी होती है। खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उनकी रुचि भी जानी।
डीएम ने बच्चों को नियमित पढ़ाई करने, नई चीजें सीखने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करने की सीख दी। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध पुस्तकों और शिक्षण सामग्री का भी अवलोकन किया।
दरअसल, मजदूर परिवारों के बच्चे अक्सर माता-पिता के साथ एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले जाते हैं। ऐसे में उनकी पढ़ाई छूटने का खतरा रहता है। अक्षर लर्निंग सेंटर के माध्यम से ऐसे बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। यहां पढ़ाई के साथ खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों की भी व्यवस्था है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को केंद्र की नियमित निगरानी करने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मौके पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!