नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, शेखपुरा समेत बिहार के कई जिलों में महसूस हुए झटके
नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, शेखपुरा समेत बिहार के कई जिलों में महसूस हुए झटके
सुबह 7:02 बजे आया भूकंप, घरों के पंखे और सामान हिलने लगे; नेपाल में था केंद्र, जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
शेखपुरा :
मंगलवार की सुबह नेपाल में आए 5.3 तीव्रता के भूकंप से शेखपुरा समेत बिहार के कई जिलों में धरती कांप उठी। सुबह करीब 7:02 बजे आए भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए। अचानक हुए कंपन से लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय शिक्षक भावेश भारती, वरिष्ठ पत्रकार श्रीनिवास सहित कई लोगों ने शेखपुरा में भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी दी। लोगों के अनुसार, कंपन के दौरान घरों में लगे पंखे और अन्य सामान हिलने लगे। सुबह की दिनचर्या में जुटे लोगों को अचानक धरती में कंपन का एहसास हुआ।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई। इसका समय सुबह 7 बजकर 2 मिनट 47 सेकंड बताया गया है। भूकंप का केंद्र पूर्वी नेपाल के कोशी प्रांत में ताप्लेजुंग क्षेत्र के आसपास था। इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
शेखपुरा के अलावा पटना, दरभंगा, सुपौल, भागलपुर, बेगूसराय और समस्तीपुर सहित बिहार के कई जिलों में झटके महसूस किए गए। इसके अलावा सिक्किम, पश्चिम बंगाल और पड़ोसी देशों के कुछ हिस्सों में भी कंपन का असर महसूस किया गया।
राहत की बात यह है कि शेखपुरा सहित बिहार के किसी भी हिस्से से अब तक जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!