परीक्षा देकर लौट रही स्नातक की छात्रा से दुष्कर्म
परीक्षा देकर लौट रही स्नातक की छात्रा से दुष्कर्म
शेखपुरा।
स्नातक की परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान पर शेखपुरा महिला थाना में करंडे थाना क्षेत्र के केवाली गांव निवासी अजय यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार की शाम करंडे थाना क्षेत्र के जयनगर गांव के समीप पंचगछिया के पास हुई। पीड़िता शेखपुरा के हथियावां कॉलेज से परीक्षा देकर बस से चेवाड़ा पहुंची थी। वहां से अपनी साइकिल लेकर घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में आरोपित ने उसकी साइकिल में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
बताया जाता है कि घटना के दौरान सड़क किनारे गिरी साइकिल देखकर एक दूध विक्रेता को संदेह हुआ। लौटने पर उसने आवाज लगाई, जिस पर छात्रा की कराह सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों के आने की आहट पाकर आरोपित अपनी साइकिल छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने मौके से बरामद साइकिल के आधार पर उसकी पहचान की। बाद में पीड़िता ने भी फोटो देखकर आरोपित की पहचान कर ली।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि प्रारंभ में मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने में कठिनाई हुई, जिसके विरोध में करंडे थाना में धरना देना पड़ा। इसके बाद बुधवार देर रात महिला थाना में मामला दर्ज किया गया। गुरुवार को पीड़िता के परिजन और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से भी मिले तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने बरबीघा के मिशन थाना क्षेत्र में भी एक मंदबुद्धि किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म की आशंका का मामला सामने आया था। उस मामले में चिकित्सीय जांच कराई गई थी, हालांकि जांच का अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया था।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!