प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा: शेखपुरा में विशेष शिविर 18 अप्रैल को, मॉडल सोलर गांव की पहल
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा: शेखपुरा में विशेष शिविर 18 अप्रैल को, मॉडल सोलर गांव की पहल
शेखपुरा
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शेखपुरा जिले में प्रशासन सक्रिय हो गया है। आम उपभोक्ताओं को बिजली बिल से राहत देने और स्वच्छ, नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस योजना के तहत सोलर संयंत्र स्थापना पर सरकार द्वारा आकर्षक अनुदान (सब्सिडी) प्रदान किया जा रहा है।
इस योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए बैंकों के माध्यम से लगभग 7 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर 2 लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ऋण की अदायगी शहरी क्षेत्रों में 4 से 5 वर्षों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 7 से 8 वर्षों में की जा सकती है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ कम पड़ता है।
विद्युत कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार, बरबीघा के सहायक अभिसंता राहुल कुमार ने बताया कि मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह पाया गया कि योजना की धीमी प्रगति का एक प्रमुख कारण बैंकों द्वारा ऋण आवेदनों का निरस्त किया जाना है। इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 अप्रैल 2026 को शेखपुरा विद्युत कार्यालय परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगा, जिसमें विद्युत विभाग एवं विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

इस शिविर में इच्छुक उपभोक्ता सोलर पैनल स्थापना के लिए ऋण आवेदन कर सकेंगे तथा लंबित आवेदनों का निस्तारण भी कराया जाएगा। प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस जनहितकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इधर, जिला पदाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले के एक गांव को ‘मॉडल सोलर विलेज’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड से प्रारंभिक तौर पर 10 गांवों का चयन किया गया है, जिनमें सौर ऊर्जा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि वे पूरे जिले के लिए उदाहरण बन सकें।
चयनित गांवों में मेहूस, गवय, गगौर, डीहकुसुभा, लोहान, तेउस, पांची, अंबारी, हुसैनाबाद और घुसकुरी शामिल हैं।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!