शेखपुरा में भीषण सड़क हादसा: ई-रिक्शा और जाइलो कार की टक्कर में डेढ़ दर्जन घायल, कई की हालत गंभीर
शेखपुरा में भीषण सड़क हादसा: ई-रिक्शा और जाइलो कार की टक्कर में डेढ़ दर्जन घायल, कई की हालत गंभीर
शेखपुरा (बिहार)।
जिले के एकसारी बीघा गांव के समीप मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तीन ई-रिक्शा (टोटो) और सामने से आ रही एक जाइलो कार के बीच आमने-सामने टक्कर में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस से शेखपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद जब एक साथ डेढ़ दर्जन से अधिक घायलों को अस्पताल लाया गया तो वहां अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार स्वयं अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों की टीम के साथ इलाज की व्यवस्था संभाली।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी शेखर आनंद, एसपी बलिराम कुमार चौधरी, एसडीएम प्रियंका कुमारी, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, विधायक रणधीर कुमार सोनी तथा पूर्व विधायक विजय सम्राट भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी घायलों को समुचित चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराना है। हादसे के कारणों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण घायलों में केसर देवी, गायत्री देवी, गोपी कुमारी, बम मांझी, लवकुश कुमार, ज्योति कुमारी, मालनी कुमारी, दिलखुश कुमार (खैरा जलालपुर), तथा सुनीता देवी, सिहंता कुमारी, श्री ठाकुर (मणियांडा) शामिल हैं। इसके अलावा केशवा देवी, विशुन देव पासवान, मालिनी कुमार, बरजीत कुमार, करो लाल, राजकुमार प्रसाद, रीता देवी, नंदकिशोर शर्मा सहित अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
एक बुजुर्ग महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एकसारी बीघा के पास सड़क पर बड़ी मात्रा में गिट्टी बिखरी हुई थी। चकन्द्रा पहाड़ से ओवरलोड गिट्टी ढोने वाले ट्रकों के कारण सड़क पर फिसलन की स्थिति बन गई थी। देर शाम अंधेरे में यही हादसे का कारण बना। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!