सज धज कर गायों के सड़क पर जुलूस निकलने पर क्यों अचंभित रह गए लोग

बरबीघा
शेखपुरा जिले के बरबीघा में श्री कृष्ण गौशाला की गायों को जब सजा धजा कर सड़कों पर निकाला गया तो लोग अचंभित रह गए। लोग इस नजारा को देखने लगे। दरअसल ये गायें बरबीघा के श्री कृष्ण गौशाला से सज धज कर नगर भ्रमण में निकली। गायों को साफ-सुथरा करके लाल, रंगीन वस्त्र पहनाए गए और नगर में भ्रमण कराया गया। यह अभियान कई दशकों पूर्व बरबीघा गौशाला में चलता था ताकि लोगों में गौशाला के प्रति सहानुभूति हो साथ ही साथ लोग गौ सेवा के प्रति जागरूक हो।
यह अभियान बंद हो चुका था। गौशाला कमेटी के द्वारा इसे पुनः चालू किया गया और अक्षय नवमी के दिन यह अभियान चला। सोमवार को गौशाला से गायों को सजाया गया। गायों के साथ-साथ अन्य मवेशियों को भी साफ सुथरा कर सजाया गया। लोग उसे पकड़कर नगर में भ्रमण कराया। साथ ही गौ सेवा और गौशाला सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करने को लेकर बैनर भी लगा कर निकले। इस अभियान में गौशाला कमेटी से जुड़े लोग के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी भूमिका रही। गौशाला समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि लोगों में गौ सेवा के प्रति जागरूकता बहुत जरूरी है। आज के समय में गौ सेवा ईश्वर सेवा माना जाता है। वैसे में बरबीघा गौशाला में गायों के प्रति लोगों की जागरूकता हो और सहयोग करें इसके लिए यह अभियान चलता है और इसमें लोगों की भूमिका सराहनीय होती है। इसी को लेकर नगर में इस का भ्रमण कराया गया। इस दौरान गौशाला समिति से जुड़े धर्मेंद्र कुमार, सुबोध कुमार, अजय राज, कमलेश कुमार, अमरेंद्र गिरी, धर्मेंद्र कुमार, उमा सिंह सहित अन्य शामिल रहे।