बैंक ऑफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा का लिंक भेज तीन लाख रुपये की साइबर ठगी
बैंक ऑफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा का लिंक भेज तीन लाख रुपये की साइबर ठगी
शेखपुरा।
जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। जिला अधिवक्ता संघ परिसर में संचालित स्टेशनरी प्रतिष्ठान के संचालक से साइबर ठगों ने करीब तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का कस्टमर सपोर्ट बताते हुए फर्जी लिंक भेजा और खाते से रुपये निकाल लिए।
पीड़ित दुकानदार अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि उनके स्टेशनरी प्रतिष्ठान शिवम इंटरप्राइजेज के इंटरनेट बैंकिंग में तकनीकी समस्या आ गई थी। इसे ठीक कराने के लिए वह बैंक ऑफ बड़ौदा की स्थानीय शाखा गए थे। बैंक से लौटने के बाद उनके मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का साइबर सपोर्ट कर्मी बताया। कॉल 91443 97533 नंबर से किया गया था, साथ ही एक लिंक भी भेजा गया।
लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से पहले 2 लाख 7 हजार रुपये, फिर 7 हजार रुपये और अंत में 9 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। खाते से लगातार रुपये निकलते देख पीड़ित ने तत्काल अपना खाता संचालन रुकवाया और साइबर फ्रॉड के टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस ने पीड़ित को साइबर थाना शेखपुरा में आवेदन देने को कहा। इस संबंध में साइबर थाना शेखपुरा की थानाध्यक्ष सह डीएसपी ज्योति कुमारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें और बैंक से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!