शेखपुरा : वंदे भारत ठहराव, फ्लाईओवर, पेयजल का मुद्द गर्माया
शेखपुरा : वंदे भारत ठहराव, फ्लाईओवर, पेयजल का मुद्द गर्माया
शेखपुरा, 12 मई 2026:
शेखपुरा जिला समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक में जिले के विकास से जुड़े कई बड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
बैठक में शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, दल्लू चौक एवं शेखपुरा-सिकंदरा रेल फाटक पर जाम से राहत के लिए फ्लाईओवर निर्माण, जितवारपुर-पानापुर पुल निर्माण, नवादा-लक्ष्मीपुर सड़क परियोजना को गति देने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने जैसे जनहित के मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।
सोमवार को आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जमुई सांसद सह दिशा समिति अध्यक्ष अरुण कुमार भारती ने की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। बैठक में सांसद ने शेखपुरा स्टेशन के नवनिर्मित भवन में शीघ्र कामकाज शुरू कराने तथा रेल प्रमंडल को आधारभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु आवश्यक प्रस्ताव भेजने की बात कही।
भीषण गर्मी और संभावित जल संकट को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने पीएचईडी विभाग को जिले की सभी पेयजल योजनाओं की तत्काल समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी वार्ड या मोहल्ले में पेयजल संकट नहीं होना चाहिए।
बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, मनरेगा, भवन निर्माण, राजस्व एवं लंबित पेंशन योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति सुधारने, किसानों को योजनाओं का समय पर लाभ देने तथा मजदूरों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुई, जहां जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों को ‘जल-जीवन-हरियाली’ अभियान के तहत पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल, विधायक रणधीर कुमार सोनी, विधायक डॉ. कुमार पुष्पंजय, जिला परिषद अध्यक्षा निर्मला सिंह, दानापुर रेल मंडल के वाणिज्यिक प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। दिशा बैठक को शेखपुरा के विकास एजेंडे को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!