शेखपुरा : सुनसान खेत में महिला का मिला शव, डंपिंग यार्ड में करती थी काम
शेखपुरा : सुनसान खेत में महिला का मिला शव, डंपिंग यार्ड में करती थी काम
शेखपुरा:
जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के भोजड़ीह खंधा में मंगलवार को 48 वर्षीय महिला का शव खेत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान बिसहिया गांव निवासी मुन्नी देवी के रूप में हुई है, जो जखौर गांव स्थित डंपिंग यार्ड में कचरा चुनकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। वह तीन बेटियों की मां थी और मायके में घर बनाकर रह रही थी।
जानकारी के अनुसार मुन्नी देवी मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन डंपिंग यार्ड नहीं पहुंच सकीं। दोपहर बाद राहगीरों ने भोजड़ीह खंधा के सुनसान इलाके में उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की खबर मिलते ही अरियरी थाना अध्यक्ष अखिलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और चेहरा खून से सना था, जिससे हत्या की आशंका प्रबल हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने महिला की हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, वहीं गांव में शोक और भय का माहौल है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!