फेसबुक से थाना पहुंचा नाबालिग का प्रेम प्रसंग, फिर थाना में
फेसबुक से थाना पहुंचा नाबालिग का प्रेम प्रसंग, फिर थाना में
बरबीघा।
फेसबुक के माध्यम से हुई दोस्ती नाबालिग प्रेम प्रसंग में बदल गई और मामला शुक्रवार को बरबीघा के मिशन थाना तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में कई घंटे तक चली बातचीत के बाद समझौता हो गया था। इसी बीच थाना परिसर में एक किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाना परिसर के बाहर जुट गए। पुलिस ने तत्काल किशोरी को बरबीघा रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पटना निवासी एक नाबालिग किशोरी की पहचान फेसबुक के माध्यम से मिशन थाना क्षेत्र के एक नाबालिग किशोर से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे बढ़ी और दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहने लगे। शुक्रवार को किशोरी अपने परिचित किशोर से मिलने बरबीघा पहुंच गई। इसकी जानकारी मिलने पर किशोरी की मां और अन्य परिजन पटना से मिशन थाना पहुंचे। सूचना के आधार पर पुलिस किशोरी को किशोर के घर से बरामद कर थाना ले आई।
थाना परिसर में दोनों पक्षों के परिजनों के साथ काफी देर तक बातचीत हुई। पुलिस और परिजनों की समझाइश के बाद दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई। दोनों नाबालिगों को उनके-अपने परिजनों के साथ घर भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान किशोरी ने शौचालय जाने की अनुमति मांगी। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोरी ने शौचालय में रखे सफाई में उपयोग किए जाने वाले एक नीले रंग का रासायनिक पदार्थ का सेवन कर लिया था।
घटना के बाद थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई, हालांकि चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मिशन थाना प्रभारी आदित्य रंजन ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। किशोरी की तबीयत बिगड़ने के कारणों और थाना परिसर में हुई घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि किशोर और किशोरी दोनों दसवीं कक्षा के छात्र हैं तथा मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!