शेखपुरा: घाटकुसुंभा को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग: दूसरे दिन भी आमरण अनशन जारी
शेखपुरा: घाटकुसुंभा को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग: दूसरे दिन भी आमरण अनशन जारी
शेखपुरा।
घाटकुसुंभा प्रखंड को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू राज मंडल और अमीर राज मंडल का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन एवं भूख हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गा मंदिर के समीप चल रहे आंदोलन में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचकर समर्थन दे रहे हैं। अनशन के 24 घंटे बीतने के बाद भी कोई जिम्मेदार पदाधिकारी आंदोलन स्थल पर बातचीत के लिए नहीं पहुंचा। हालांकि सरकारी चिकित्सकों ने दोनों अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जांच की।

पप्पू राज मंडल ने बताया कि आंदोलन शुरू करने से पहले संबंधित पदाधिकारियों को लिखित सूचना दी गई थी। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक बातचीत की पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रखंड को बाढ़ग्रस्त घोषित किए जाने तक अनशन जारी रहेगा। मंगलवार की आधी रात गश्ती कर रही पुलिस टीम भी आंदोलन स्थल पर पहुंची थी और अनशनकारियों की स्थिति की जानकारी लेकर वरीय अधिकारियों को सूचना दी थी।
हरोहर नदी की बाढ़ से नदी के दोनों ओर के क्षेत्र प्रभावित होते हैं। लखीसराय की ओर प्रभावित क्षेत्र को बाढ़ग्रस्त मानकर राहत दी जाती है, जबकि शेखपुरा की ओर के क्षेत्र को जलजमाव वाला बताकर राहत से वंचित रखा जाता है।
दूसरे दिन कांग्रेस प्रदेश नेता जितेंद्र नाथ पटेल भी अनशन स्थल पर पहुंचे और मांग का समर्थन किया। आंदोलनकारियों का कहना है कि जलजमाव से आवागमन, खेती-किसानी, पशुओं के चारा और दैनिक जीवन प्रभावित है। उन्होंने बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने के साथ राहत उपलब्ध कराने और जलजमाव के स्थायी समाधान की मांग की है।
इस दौरान राहुल कुमार, गुरु मुखिया, विपिन चौरसिया, गोरेलाल कुशवाहा, अमीर राज मंडल, रघुनन्दन कुमार, चंदन कुमार, नंदन कुमार, शिवशंकर महतो, नीतीश कुमार, रामलगन महतो सहित घाटकुसुम्भा प्रखंड के कई ग्रामीण एवं अन्य सहयोगी अनशन स्थल पर मौजूद रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!