• Sunday, 20 April 2025
बिहार में महिला संवाद अभियान की शुरुआत, महिलाओं ने बताया दर्द

बिहार में महिला संवाद अभियान की शुरुआत, महिलाओं ने बताया दर्द

stmarysbarbigha.edu.in/

बिहार में महिला संवाद अभियान की शुरुआत, महिलाओं ने बताया दर्द

 

शेखपुरा

 

शुक्रवार – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्य भर में महिला संवाद अभियान की शुरुआत शुक्रवार को की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दो करोड़ महिलाओं तक पहुंचकर उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराना, उनकी राय जानना और उन्हें योजनाओं से जोड़ना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पटना से 40 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर बिहार के 38 जिलों के लिए रवाना किया।

 

शेखपुरा जिले में इस अभियान की शुरुआत मंथन सभागार में जिला पदाधिकारी शरीफ अहसन की अध्यक्षता में हुई। कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, और इस अभियान के माध्यम से उनकी आकांक्षाओं को जानकर योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि प्रचार वाहन के माध्यम से जिले के सभी पंचायतों और क्लस्टरों में जाकर महिलाओं को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, साथ ही उनसे सुझाव और अपेक्षाएं भी प्राप्त की जाएंगी। जो योग्य लाभार्थी अब तक योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

 

शेखपुरा जिले में यह अभियान अगले 54 दिनों तक चलेगा और कुल 434 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शुक्रवार को शेखपुरा प्रखंड के पैन पंचायत के फिरंगीबीघा में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें जिला पदाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। जिले में प्रतिदिन 4 प्रचार वाहनों की मदद से 8 स्थानों पर यह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।

 

कार्यक्रम की शुरुआत एलईडी युक्त प्रचार वाहनों द्वारा राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी देने वाले वीडियो प्रदर्शन से हुई। इनमें पंचायत और नगर निकाय चुनावों में 50% आरक्षण, प्राथमिक शिक्षकों में 50% आरक्षण, सरकारी सेवाओं में 35% आरक्षण, महिला खेल विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों में 33% आरक्षण जैसी योजनाओं को दर्शाया गया।

 

DSKSITI - Large

इसके बाद महिलाओं ने सरकार की योजनाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव साझा किए। ममता देवी ने नल-जल योजना से पानी की उपलब्धता की बात कही, रंजना देवी ने शौचालय निर्माण से आत्मसम्मान बढ़ने की बात कही, जबकि सुलेखा देवी और गुड़िया देवी ने जीविका और आवास योजना के लाभ बताए।

 

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने अपनी स्थानीय समस्याओं को भी सामने रखा। फिरंगीबीघा पंचायत की महिलाओं ने पुल निर्माण की मांग की, जिस पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल स्थल निरीक्षण कर पुल योजना की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

 

जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीण महिलाओं से इस अभियान में भाग लेने की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शैक्षिक फिल्मों का प्रदर्शन और योजनाओं से संबंधित पर्चे भी वितरित किए जा रहे हैं। लाभुकों के अनुभव साझा करने से अन्य महिलाएं भी जागरूक होकर योजनाओं का लाभ उठा सकेंगी।

 

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, पंचायत राज पदाधिकारी, डीपीएम जीविका समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

new

SRL

adarsh school

st marry school

Share News with your Friends

Comment / Reply From

You May Also Like